Search
Close this search box.

संभल का जामा मस्जिद विवाद:  सर्वे में हजारों की भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव तनाव का माहौल, आगजनी, छोड़े गए आंसु गैस के गोले 

संभल का जामा मस्जिद विवाद:  सर्वे में हजारों की भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव तनाव का माहौल, आगजनी, छोड़े गए आंसु गैस के गोले

रिपोर्ट: रूद्र प्रताप सिंह।

सागर और ज्वाला न्यूज। संभल में ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद को लेकर हरिहर मंदिर होने के दावे के बाद रविवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। मस्जिद के सर्वे के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और पथराव किया। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया। यह घटना तब हुई जब कोर्ट के आदेश पर शाही जामा मस्जिद में सर्वेक्षण किया जा रहा था। सर्वेक्षण टीम ने इससे पहले भी मस्जिद का दो घंटे तक सर्वे किया था और इसकी रिपोर्ट 29 नवंबर को न्यायालय में पेश की जाएगी। 

रविवार को जब सर्वेक्षण की खबर फैली, तो भारी संख्या में लोग मस्जिद के पास इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान पुलिस और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की हुई और फिर पथराव शुरू हो गया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की। दावा किया जा रहा है कि दूसरी ओर से भी फायरिंग की गई। हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 

जिला प्रशासन ने पहले से ही शांति और सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए थे। शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान मुरादाबाद और बरेली मंडल के आठ जिलों से पुलिस बल बुलाया गया था। मस्जिद के आसपास जाने वाले सभी रास्तों को बेरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया था। रविवार सुबह अचानक एडवोकेट कमिश्नर रमेश राघव अपनी टीम और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सर्वे के लिए पहुंचे। 

अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने शहर में खलबली मचा दी। सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हुआ था, जिसमें जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में इकट्ठा होने का आह्वान किया गया था। इसके बाद से ही प्रशासन ने सतर्कता और बढ़ा दी थी। 

पुलिस सोशल मीडिया पर विशेष नजर बनाए हुए है और भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि ऐसी पोस्ट से अशांति फैल सकती है, इसलिए निगरानी बढ़ा दी गई है। एक मामला सामने आने पर कार्रवाई भी की गई है।  

शाही जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर विवाद ने दोनों पक्षों के बीच तनाव को और गहरा दिया है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं, लेकिन इलाके में अब भी तनाव बरकरार है।

1 thought on “संभल का जामा मस्जिद विवाद:  सर्वे में हजारों की भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव तनाव का माहौल, आगजनी, छोड़े गए आंसु गैस के गोले ”

Leave a Comment