Search
Close this search box.

मानव सेवा के संकल्प के साथ 12 जुलाई को आयोजित होगा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर

मानव सेवा के संकल्प के साथ 12 जुलाई को आयोजित होगा निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर

शिविर की तैयारियों को लेकर बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में हुई महत्वपूर्ण बैठक

बहजोई। मानवता की सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ाते हुए बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास द्वारा रविवार 12 जुलाई को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल, ग्राम नाधौस, बहजोई (जनपद सम्भल) में सिद्ध हॉस्पिटल, मुरादाबाद के सहयोग से एक निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएँ उनके निकट ही उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

न्यास द्वारा वर्षों से समाजहित में विभिन्न सेवा कार्य संचालित किए जाते रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में संस्था लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आयोजित होने वाला यह मेगा स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होने की उम्मीद है।

आधुनिक मेडिकल वैन में होंगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य जाँचें

शिविर में सिद्ध हॉस्पिटल, मुरादाबाद की आधुनिक मेडिकल वैन भी उपलब्ध रहेगी, जिसमें नवीनतम चिकित्सा उपकरणों की सहायता से विभिन्न स्वास्थ्य जाँचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएँगी। इनमें एक्स-रे, लिपिड प्रोफाइल, तीन माह की औसत शुगर जाँच (HbA1c), ब्लड प्रेशर (BP), BMI सहित अन्य आवश्यक जाँचें शामिल रहेंगी। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा।

ऐतिहासिक आयोजन को लेकर तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

शिविर को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिविर के प्रचार-प्रसार, पंजीकरण व्यवस्था, मरीजों के मार्गदर्शन, चिकित्सा जाँच, रिपोर्ट वितरण, दवा वितरण, पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रम को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

अलग-अलग टीमों को सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ

न्यास के सचिव नमन जैन, शिविर संयोजक संभव जैन एवं एडवोकेट अमन जैन ने बताया कि शिविर के सफल संचालन के लिए विभिन्न कार्यों हेतु अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को सिद्ध हॉस्पिटल के चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं जाँच दल के साथ समन्वय स्थापित करने, अतिथियों के स्वागत, मरीजों के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, रिपोर्ट वितरण तथा निःशुल्क दवा वितरण जैसी जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं ताकि प्रत्येक आगंतुक को बेहतर एवं व्यवस्थित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

स्वास्थ्य जागरूकता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला : डॉ. पवन कुमार जैन

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा कि बाबू मुकुट बिहारी लाल जैन सेवा न्यास की स्थापना मानवता की निस्वार्थ सेवा एवं समाज के कमजोर वर्गों तक आवश्यक सुविधाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि आज के समय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अत्यंत आवश्यक है और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना अनेक गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान में सहायक होता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सेवा, अनुशासन, समर्पण एवं सहयोग की भावना के साथ कार्य करते हुए इस मेगा स्वास्थ्य शिविर को जनहित का प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक आयोजन बनाने का आह्वान किया।

क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील

न्यास पदाधिकारियों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिकतम लाभ उठाएँ तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी शिविर की जानकारी देकर उन्हें इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में रही गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति

बैठक में उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता, बीएमबीएल जैन वर्ल्ड स्कूल के प्रधानाचार्य राजीव कुमार गुप्ता, उपप्रधानाचार्य गौरव कुमार मेधावृत, राहुल वार्ष्णेय एडवोकेट, लव कुमार आर्य, मनोज वार्ष्णेय, अतुल कुमार भोला, नागेश कुमार, कुशनंदन सिंह, नेत्रपाल सिंह, अक्षय राठौर सहित विद्यालय एवं न्यास के पदाधिकारी, समाजसेवी तथा अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Comment